गुरुवार, 01 नवंबर, 2007 को 23:07 GMT तक के समाचार
मणिकांत ठाकुर
बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार में पत्रकारों पर जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह के हमले के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने शुक्रवार को बिहार बंद का आव्हान किया है.
विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने इस घटना की निंदा करते हुए बंद का आव्हान किया है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाएगी.
उन्होंने उस युवती रेशमा की हत्या की जाँच सीबीआई से करवाने के आदेश दे दिए हैं जिसके कारण यह विवाद शुरु हुआ.
पुलिस महानिदेशक आशीष रंजन सिन्हा ने कहा कि विधायक अनंत सिंह को ग़ैर ज़मानती धाराओं के तहत गिरफ़्तार किया गया है और उन्हें जल्द से जल्द अदालत में पेश किया जाएगा.
मामला
लगभग एक माह पहले प्रशासन को एक पत्र मिला था जिसमें रेशमा नाम की लड़की ने लिखा था कि सत्तारूढ़ पार्टी जनता दल-यू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनके सहयोगियों ने उसका शारीरिक शोषण किया है और उसकी हत्या की जा सकती है.
इसी बीच पटना में बोरे से एक लड़की का शव बरामद किया गया. आशंका जताई जा रही है कि शव रेशमा का ही है.
जब इस मामले में कुछ पत्रकारों ने गुरुवार को अनंत सिंह से बात करने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई.
इस मामले में विधायक और उनके चार सहयोगियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. उन्हें स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद बेऊर जेल भेज दिया गया है.
इस मारपीट में घायल तीन पत्रकारों को अस्पताल में भर्ती किया गया है जिनमें से एक एनडीटीवी के कैमरामैन की हालत गंभीर बताई गई है.
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के क़रीबी लोगों में से एक माने जाते हैं.