http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 30 अक्तूबर, 2007 को 16:34 GMT तक के समाचार

सुबीर भौमिक,
बीबीसी संवाददाता, कोलकाता

भूटान में प्रदूषण के खिलाफ़ मुहिम

भूटान में अधिकारियों ने राजधानी थिंपू में प्रदूषण और कूड़े पर रोक लगाने के लिए एक क़ानून पारित किया है.

थिंपू के एक अधिकारी ने बताया कि नए क़ानून के तहत कूड़ा और प्रदूषण कम करने और कूड़े का दोबारा इस्तेमाल करने को प्रोत्साहित किया जाएगा.

क़ानून में उन लोगों के लिए सज़ा का प्रावधान है जो थिंपू में प्रदूषण फैलाएंगे या अवैध रूप से कूड़ा-कचरा फेंकेंगे.

जानकारों का कहना है कि अगर यह योजना सही तरीके से लागू की गई तो थिंपू दक्षिण एशिया का सबसे स्वच्छ शहर बन सकता है.

पिछले हफ्ते थिंपू नगर निगम कूड़ा प्रबंधन नियम 2007 पारित किया गया है जिसके तहत थिंपू की सीमाओं में कूड़ा जलाना, पेशाब करना या मल त्याग करने पर 450 डॉलर का जुर्माना लगाया गया है.

थिंपू नगर निगम के अधिकारी उग्येन दोरजी का कहना था, "हमें कूड़े के प्रबंधन के लिए सख़्त क़ानून की ज़रूरत थी."

दोरजी का कहना था कि नगर निगम ने दस निरीक्षकों को नियुक्त किया है जो नए नियम लागू करेगी. आगे चलकर दस और निरीक्षक नियुक्त किए जाएंगे.

उनका कहना था कि ये निरीक्षक शहर में घूमेंगे और क़ानून का उल्लंघन होने पर जुर्माना लगाएंगे.

दोरजी ने बताया कि अगर बच्चों को थिंपू की सीमाओं में सड़कों पर मल त्याग करते हुए पाया गया तो उनके अभिभावक जुर्माना देंगे.

थिंपू में प्रतिदिन 35 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है जिसकी मात्रा 2002 में मात्र 11 मीट्रिक टन था.