सोमवार, 29 अक्तूबर, 2007 को 10:07 GMT तक के समाचार
तीन दिनों तक चले भीषण संघर्ष के बाद पाकिस्तान के स्वात घाटी में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच अनाधिकारिक संघर्ष विराम हुआ है.
झड़पें तब शुरू हुई जब इस इलाक़े के एक कट्टरपंथी धार्मिक नेता के समर्थकों से निपटने के लिए अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों को तैनात किया गया.
इस दौरान चरमपंथियों ने सेना के काफ़िले पर अचानक हमला कर दिया था.
पिछले सप्तहांत हुए संघर्ष में मृतकों की संख्या को लेकर परस्पर विरोधाभासी ख़बरें आ रही हैं.
सेना उन ख़बरों की पुष्टि नहीं कर रही है जिनमें कहा गया है कि लगभग 20 सैनिक मारे गए हैं.
दूसरी ओर सेना का कहना है कि लगभग 60 चरमपंथी मारे गए हैं लेकिन तालेबान इस दावे को ग़लत बता रहा है.
स्वात घाटी के स्थानीय निवासियों का कहना है कि चरमपंथियों ने रेडियो पर संघर्ष विराम की घोषणा की है ताकि दोनों पक्षों को मृतकों को ढूंढ कर उनका अंतिम संस्कार किया जा सके.
स्थानीय अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों पक्षों में तब तक गोलीबारी नहीं करने की सहमति बनी है जब तक कि कोई एक पक्ष उकसावे वाली कार्रवाई करे.
भीषण संघर्ष के कारण सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे इस इलाक़े में वीरानी छाई हुई है. सरकारी स्कूल, दफ़्तर और बाज़ार बंद हैं.