सोमवार, 29 अक्तूबर, 2007 को 09:04 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में सेना से कहा गया है कि वो अपने क़ब्ज़े वाले स्कूलों और अस्पतालों से हट जाए.
रक्षा मंत्री एके एंटनी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक के बाद यह फ़ैसला लिया गया. सेना को स्कूलों और अस्पतालों से हटने के लिए तीस नवंबर तक का समय दिया गया है.
अस्सी के दशक में जब घाटी में चरमपंथी हिंसा तेज़ हुई तभी कई स्कूलों, अस्पतालों और सरकारी दफ़्तरों को सुरक्षा बलों ने अपने नियंत्रण में ले लिया था.
सेना को जिन स्थानों से हटने के लिए कहा गया है, उनमें दक्षिणी कश्मीर के कुकेरनाग में स्थित एक रिसॉर्ट और श्रीनगर में स्थित एक क्लब शामिल है.
हालाँकि रक्षा मंत्रालय ने निजी ज़मीनों और बगानों से सेना को हटाने के बारे में सहमति नहीं दी है.
रक्षा मंत्री ने एंटनी ने कहा कि सरकार ऐसे भू-भागों के लिए फिर से किराया तय करने पर विचार करेगी.
पीपुल्स डेमोक्रैटिक पार्टी (पीडीपी) की माँग है कि भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के पूरे इलाक़े में आंतरिक सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सेना से वापस लेकर स्थानीय पुलिस को सौंप दी जाए.
हालाँकि केंद्र सरकार ने फिलाहल सेना की संख्या में कटौती करने से इनकार किया है.