सोमवार, 29 अक्तूबर, 2007 को 10:42 GMT तक के समाचार
मोहम्मद फ़ैसल अली
बीबीसी संवाददाता, भोपाल
छत्तीसगढ़ राज्य के बीजापुर ज़िले में सोमवार सुबह नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में पाँच पुलिसकर्मी मारे गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़ मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और बारह लापता बताए जा रहे हैं.
मुठभेड़ सुबह लगभग दस बजे हुई, जब बीस पुलिसकर्मी ज़िला मुख्यालय बीजापुर से गंगालूर जा रहे थे.
उन्होंने बताया कि रास्ते में पमल्वाया और बोसागुडा गाँव के बीच लगभग डेढ़- दो सौ माओवादियों ने पुलिस बल को चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
हमले में घायल दो पुलिसकर्मी किसी तरह बचकर निकल आए और पास के पुलिस थाने को इसकी सूचना दी जिसके बाद जंगल में तलाशी के दौरान पुलिसकर्मियों के पांच शव बरामद किए गए.
मारे जाने वालों में एक छत्तीसगढ़ पुलिस का जवान था जबकि चार अन्य विशेष पुलिस अधिकारी थे. घायलों को फिलहाल बीजापुर के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.
छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में नक्सली वारदातें बढ़ी हैं. माओवादी मुख्य रूप से सलवा जुडूम अभियान के विरोधी हैं जिसके तहत नक्सलियों के ख़िलाफ़ मुहिम में स्थानीय लोगों की सहायता ली जा रही है.