http://www.bbcchindi.com

रविवार, 28 अक्तूबर, 2007 को 17:12 GMT तक के समाचार

स्वात में सेना की कार्रवाई तेज़

पाकिस्तान में सूबा सरहद के चरमपंथी हिंसा से प्रभावित स्वात ज़िले में सेना ने फिर चरमपंथियों के ठिकाने पर कार्रवाई की है. इस कार्रवाई में सेना हेलिकॉप्टर का भी इस्तेमाल कर रही है.

हाल के दिनों में वहाँ काफ़ी तनाव बढ़ा है. एक रिपोर्ट में बताया गया है कि सेना ने ताज़ा संघर्ष में 10 चरमपंथियों को मारने का दावा किया है. कार्रवाई स्वात घाटी में मिंगोरा के निकट हो रही है.

ये इलाक़ा कट्टरपंथी इस्लामी नेता मौलाना फ़ज़लुल्लाह के प्रभाव वाला है. जिन पर आरोप है कि वे सेना के ख़िलाफ़ हिंसा के लिए लोगों को भड़का रहे हैं.

सेना और पुलिस की कार्रवाई से पहले ही सैकड़ों लोग इस इलाक़े से पलायन कर चुके हैं. आरोप है कि शनिवार को मौलाना फ़ज़लुल्लाह के समर्थकों ने 13 लोगों की हत्या कर दी थी. जिनमें कई सैनिक भी शामिल थे. लेकिन फ़ज़लुल्लाह समर्थक इससे इनकार करते हैं.

कार्रवाई

ताज़ा कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिक मौलाना फ़ज़लुल्लाह के ठिकाने को निशाना बना रहे हैं. सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद ने दावा किया है कि कार्रवाई में 10 चरमपंथी मारे गए हैं.

उन्होंने कहा कि चमरपंथियों ने सूबा सरहद के एक पर्यटक स्थल को हिंसा का क्षेत्र बना दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय चरमपंथी लोगों को डराते हैं और हत्या भी कर देते हैं.

मेजर जनरल वहीद अरशद ने कहा, "इन चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की आवश्यकता थी. जो सरकार का विरोध कर रहे हैं और स्थानीय लोगों को धमका रहे हैं."

शुक्रवार को शुरू हुए संघर्ष के बाद बड़ी संख्या में लोग यहाँ से पलायन कर चुके हैं. शनिवार को 13 लोगों की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. लेकिन फ़ज़लुल्लाह समर्थक इस हत्या में अपनी भूमिका से इनकार करते हैं.

इस इलाक़े में हिंसा का दौर उस समय शुरू हुआ जब गुरुवार को सेना के काफ़िले पर आत्मघाती हमला हुआ. जिसमें 30 लोग मारे गए.