http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 26 अक्तूबर, 2007 को 10:37 GMT तक के समाचार

हू जिंताओ से सोनिया गांधी की मुलाक़ात

भारत में सत्तारूढ़ यूपीए गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव हू जिंताओ से मुलाक़ात कर रही हैं.

अपनी यात्रा के दौरान सोनिया गांधी चीन के दो प्रमुख नेताओं से द्विपक्षीय संबंधों के मुद्दे पर बातचीत करने वाली हैं.

राष्ट्रपति के अलावा उनकी मुलाक़ात चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ और पोलित ब्यूरो सदस्य ल्यू की से भी होनी है.

पाँच दिन के चीन दौरे पर गुरुवार को बीजिंग पहुँची सोनिया गांधी चीन के पूर्व विदेशमंत्री हुआँग हुआ से भी मुलाक़ात करेंगी.

सोनिया के साथ उनके बेटे राहुल गांधी भी चीन की यात्रा पर हैं. इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह और केंद्र सरकार के दो राज्यमंत्री भी चीन गए हुए हैं.

महत्वपूर्ण यात्रा

चीन में हाल ही में पाँच वर्ष के अंतराल पर होने वाली कम्युनिस्ट पार्टी की कांग्रेस ख़त्म हुई है और उसके बाद राष्ट्रपति हू जिंताओ और प्रभावी भूमिका में सामने आए हैं.

इसके बाद से द्विपक्षीय संबंधों को लेकर दोनों देशों के बीच इस बातचीत को कई संदर्भों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

चीन में सोनिया की यात्रा को ख़ासा महत्व दिया जा रहा है. लगभग सभी प्रमुख नेताओं से उनकी मुलाक़ात हो रही है.

कुछ जानकार सोनिया गांधी की चीन यात्रा को भारत और अमरीका के बीच प्रस्तावित परमाणु क़रार से भी जोड़कर देख रहे हैं.

जानकारों का मानना है कि जापान, भारत और अमरीका के बीच गहरे होते संबंधों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उभरती छवि को लेकर चीन भी अब सचेत है.