गुरुवार, 25 अक्तूबर, 2007 को 04:42 GMT तक के समाचार
सैन्य गठबंधन नैटो के महासचिव ने उम्मीद जताई है कि सदस्य देशों के सहयोग से अफ़ग़ानिस्तान में जारी सैन्य अभियान को बल मिलेगा.
उन्होंने बताया कि सैन्य गठबंधन नैटो के कुछ सदस्य देशों ने अफ़ग़ानिस्तान में जारी सैन्य अभियान को अतिरिक्त संसाधन मुहैया कराने की पेशकश की है.
नैटो रक्षा अधिकारियों की एक बैठक में हिस्सा ले रहे प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐसे नौ देश हैं जिन्होंने सैन्य अभियान को और संसाधन उपलब्ध करवाने की पेशकश की है.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान चरमपंथियों के ख़िलाफ़ नैटो सैन्य गठबंधन के नेतृत्व में संघर्ष चल रहा है.
सदस्य देशों की इस ताज़ा पेशकश का अमरीकी अधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया है.
अमरीकी अधिकारियों पिछले कुछ समय से सदस्य देशों से अपील करते रहे हैं कि अफ़ग़ानिस्तान में जारी सैन्य अभियान को और सहयोग देने की ज़रूरत है.
इस बारे में जानकारी देते हुए नैटो महासचिव येप डे होप ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि कुछ देशों से अभियान को संसाधन देने के प्रस्ताव मिले हैं जिसमें अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी इलाके में जारी अभियान को सहयोग भी शामिल है.
उन्होंने बताया कि अभी तक मिले सहयोग से ज़रूरत का 90 प्रतिशत हिस्सा हासिल हो चुका है लेकिन अभी भी संसाधनों की कमी बनी हुई है.