http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 23 अक्तूबर, 2007 को 12:08 GMT तक के समाचार

'ओसामा' की इराक़ी विद्रोहियों से अपील

अरबी टीवी चैनल अल जज़ीरा पर अल-क़ायदा नेता ओसामा बिन लादेन का एक ऑडियो टेप प्रसारित किया गया है जिसमें इराक़ की स्थिति पर टिप्पणी की गई है.

इराक़ की स्थिति का ज़िक्र करते हुए टेप में ओसामा को अमरीका विरोधी विद्रोही गुटों को एकजुट होने का आहवान करते हुए सुनाया गया है.

इस टेप की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है.

अल जज़ीरा पर प्रसारित संदेश में कहा गया है - "इस्लामी क़ौम के हित किसी भी एक गुट के हितों से ऊपर हैं, ये किसी भी देश के हितों से ऊपर हैं."

ग़ौरतलब है कि ओसामा का बताया जाने वाला ये ऑडियो टेप तब आया है जब इराक़ में कुछ सुन्नी गुटों ने अल क़ायदा के ख़िलाफ़ इराक़ी सरकार का साथ देने के कुछ क़दम उठाए हैं.

ये स्पष्ट नहीं है कि ये टेप कब और कहाँ पर रिकॉर्ड हुआ.

प्रसारित ऑडियो टेप में कहा गया है - "आप में से कुछ लोग अपनी एक ड्यूटी पूरी करने में चूके हैं....विभाजन से सचेत रहें...मुसलमान आपके एकजुट होने और सच्चाई का समर्थन करने का इंतज़ार कर रहे हैं."

पाकिस्तान पर टेप

इससे पहले ओसामा का ऑडियो टेप लगभग एक महीना पहले 20 सितंबर को आया था.

उसमें पाकिस्तान की स्थिति के बारे में टिप्पणी थी और पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के ख़िलाफ़ जंग की अपील की गई थी.

उस ऑडियो टेप में ओसामा ने कहा था कि 'ये अपील जुलाई 2007 में इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में हुई सरकारी कार्रवाई के बदले में की जा रही है.'

ओसामा की ओर से पिछले महीने ग्यारह सितंबर के हमलों के छह साल पूरे होने के मौक़े पर भी एक संदेश जारी किया गया था.