http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 22 अक्तूबर, 2007 को 17:28 GMT तक के समाचार

एलटीटीई के हमले में तीस मरे

श्रीलंका के सेना का कहना है कि देश में तड़के वायुसेना के एक अड्डे पर तमिल चरमपंथियों के हमले में नौ सैनिक और एलटीटीई के 20 विद्रोही मारे गए हैं.

यह हमला देश के उत्तरी हिस्से में वायुसेना के एक एयरबेस पर एलटीटीई विद्रोहियों ने किया था. हमले में एलटीटीई विद्रोहियों ने हवाई जहाज़ों का भी इस्तेमाल किया.

विद्रोहियों के दो विमानों ने कोलंबो के उत्तर में अनुराधापुर हवाई अड्डे पर बम गिराए जिसमें वायुसेना के दो विमानों को नुकसान पहुँचा है.

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता केहेलिया रमबुकवाला ने कोलंबो में संवाददाताओं को बताया कि इस हमले में वायु सेना के आठ और सेना के एक सैनिक की मौत हो गई जबकि 20 तमिल विद्रोहियों की लाशें मिली हैं.

यह पहली बार है जब तमिल विद्रोहियों ने ज़मीन और हवाई, दोनों ओर से सेना पर हमले किए हैं. इससे पहले तीन बार तमिल विद्रोही हवाई हमले कर चुके हैं.

वायुसेना प्रवक्ता ग्रुप कैप्टन अनंता सिल्वा ने बीबीसी को बताया, "आज सुबह वायुसेना बेस पर हमला किया गया है. पूरे बेस को नियंत्रण में लेने और खोजबीन का काम चल रहा है."

उधर तमिल विद्रोहियों के प्रवक्ता रशिया इलानथिरयन ने कहा है कि अनुराधापुर हवाई अड्डे पर 21 महिला और पुरुष टाइगरों ने हमला किया था.

विद्रोहियों के अनुसार ये लड़ाकू ब्लैक टाइगर्स दस्ते के थे जो आत्मघाती हमलों के लिए जाना जाता है.

हमलावर

सेना के हवाले से बताया गया है कि आसपास के इलाके में इन तमिल विद्रोहियों की खोज का काम चल रहा है.

ग़ौरतलब है कि इसी वर्ष तमिल विद्रोहियों ने राजधानी कोलंबो में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास वायुसेना के एयरबेस को निशाना बनाया था.

तमिल विद्रोहियों की ओर से हुए इस हवाई हमले ने श्रीलंका सहित दुनिया के दूसरे देशों की सरकारों को चौंका दिया था.

पिछले कई वर्षों से तमिल विद्रोही और श्रीलंका सरकार के बीच संघर्ष चल रहा है. तमिल विद्रोही माँग करते रहे हैं कि उन्हें पृथक राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी जाए पर सरकार इससे इनकार करती रही है.