http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 22 अक्तूबर, 2007 को 18:29 GMT तक के समाचार

सरकार ने बेनज़ीर की माँग ख़ारिज की

पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की उस अपील को ख़ारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कराची में अपने काफ़िले पर हुए हमले की जांच में विदेशी जांचकर्ताओं की मदद लेने की मांग की थी.

बेनज़ीर जब पिछले हफ़्ते निर्वासित जीवन से वापस लौटीं तो कराची में उनके काफ़िले पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 130 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे.

पाकिस्तान के गृह मंत्री आफ़ताब ख़ान शेरपाओ ने कहा है कि कराची में हुए धमाकों की जांच बहुत निष्पक्ष तरीके से की जा रही है.

इससे पहले रविवार को बेनज़ीर भुट्टो ने मांग की थी कि इस आत्मघाती हमले की जांच में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली जाए.

बेनज़ीर ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तानी प्रशासन के लोग नहीं चाहते कि वो पाकिस्तान में रहें और उन्हीं में से कुछ लोगों ने हमला करवाया था.

इससे पहले बेनज़ीर सोमवार को पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के मकबरे पर गईं.

यह एक सांकेतिक दौरा था जिसके साथ ही निर्वासन से उनकी वापसी का अब अंत हुआ है.

आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि राष्ट्रपति मुशर्रफ़ के साथ हुए समझौते के तहत उन्हें पाकिस्तान में क्या जगह दी जाती है.