शनिवार, 20 अक्तूबर, 2007 को 07:34 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान से मिल रही ताज़ा ख़बरों के मुताबिक बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार को हुए एक बम धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है.
बलूचिस्तान पाकिस्तान का दक्षिण पश्चिमी प्रांत है. हमले की अभी किसी चरमपंथी संगठन की ओर से ज़िम्मेदारी नहीं ली गई है.
जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट शनिवार की सुबह डेरा बुग्ती इलाके में हुआ है जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और क़रीब छह लोग घायल हो गए हैं.
धमाका डेरा बुग्ती के बाज़ार वाले इलाके में हुआ है. हमलावरों ने इस हमले के लिए चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया है.
पुलिस ने धमाके के तुरंत बाद क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है और राहत, जाँच का काम शुरू कर दिया गया है.
एजेंसियों के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमाके करने के लिए किस तरह के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया है.
बलूचिस्तान प्रांत पिछले कुछ बरसों से हिंसा के दौर से रूबरू होता रहा है. यहाँ कबायली समूहों के बीच आपस में संघर्ष होता रहा है तो कभी इन समूहों और पुलिस के बीच संघर्ष होता रहा है.
कबायली समूह इस प्रांत के लोगों को और अधिक स्वायत्तता दिए जाने की माँग करते रहे हैं.