http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 19 अक्तूबर, 2007 को 23:16 GMT तक के समाचार

बर्मा पर अमरीका ने और प्रतिबंध लगाए

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने बर्मा के सैन्य शासन के ख़िलाफ़ अतिरिक्त प्रतिबंध लगान की घोषणा की है.

उन्होंने भारत और चीन से भी कहा है कि वे बर्मा के सैन्य शासन पर दबाव बढ़ाएँ.

इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर बर्मा से कहा है कि वह राजनीतिक बंदियों को रिहा करे.

पिछले दो महीने में यह दूसरी बार है जब राष्ट्रपति बुश ने बर्मा के ख़िलाफ़ आर्थिक प्रतिबंध को कड़ा करने की घोषणा की है.

सितंबर में उन्होंने बर्मा के एक दर्जन से अधिक सैन्य शासकों के ख़िलाफ़ यात्रा प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी.

इस बार उन्होंने अमरीकी वित्तमंत्रालय से कहा है कि वह बर्मा को होने वाले अमरीकी निर्यात और बर्मा को सहयोग करने वालों को नियंत्रित करे.

राष्ट्रपति बुश ने कहा है कि लोकतंत्र समर्थक लोगों के साथ बर्मा के सैन्य शासकों ने जो बर्ताव किया उससे पूरी दुनिया घबराई हुई है.

जिन देशों ने पहले ही बर्मा पर प्रतिबंध कड़े कर दिए हैं उनकी तारीफ़ करते हुए राष्ट्रपति बुश ने कहा कि चीन और भारत को और उपाय करना चाहिए.

सबकुछ पहले की तरह चलते रहने को स्वीकार नहीं किया जा सकता.