http://www.bbcchindi.com

लुधियाना में धमाका, छह की मौत

पंजाब के लुधियाना शहर में रविवार शाम एक सिनेमा हॉल में हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई है और 30 लोग घायल हो गए हैं.

पंजाब के पुलिस महानिदेशक एनपीएस ऑलक ने बताया कि धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है और घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

धमाका लुधियाना के व्यस्त इलाक़े में स्थित श्रंगार सिनेमा में हुआ.

ख़बरों के अनुसार उस वक्त सिनेमा घर में भोजपुरी फ़िल्म दिखाई जा रही थी.

लुधियाना में धमाका

लुधियाना में बिहार और उत्तर प्रदेश के मज़दूर बड़ी संख्या में हैं जो भोजपुरी फ़िल्में देखने जाते हैं.

स्थिति नियंत्रित

पंजाब के मुख्यमंत्री के सलाहकार दलजीत सिंह चीमा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है.

उन्होंने बताया कि सिनेमा हॉल के बहुत निकट ही दो अस्पताल हैं, सीएससी और सिविल अस्पताल. घायलों को इन दोनों अस्पतालों में पहुँचा दिया गया है.

लुधियाना से स्थानीय पत्रकार जुपिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस इसे आरडीएक्स से किया गया विस्फोट मानकर चल रही है क्योंकि धमाके के बाद आग नहीं लगी जो आरडीएक्स का एक लक्षण है.

विस्फोट की विस्तृत जाँच करने के लिए फोरेंसिक टीम सिनेमा हॉल पहुँच गई है और पूरे सिनेमा हॉल को सील कर दिया गया है.

अमर उजाला अख़बार के संवाददाता मोहित श्रीवास्तव ने घटनास्थल से बीबीसी को बताया कि धमाके के बाद सिनेमा हॉल के अंदर धुआँ भर गया था और सीटें उखड़ गई थीं.

मोहित श्रीवास्तव ने बताया कि सिनेमा हॉल में 550 सीटें हैं और ईद की छुट्टी होने के कारण हॉल पूरी तरह भरा हुआ था.