http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 12 अक्तूबर, 2007 को 06:06 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से

श्रीनगर मुठभेड़ ख़त्म, चरमपंथी मारे गए

भारत प्रशासित कश्मीर के श्रीनगर में चरमपंथियों और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के बीच मुठभेड़ शुक्रवार की सुबह ख़त्म हो गई.

सेना और चरमपंथियों के बीच चले 10 घंटे लंबे संघर्ष में दोनों चरमपंथी मारे गए हैं. सेना के तीन जवान भी घायल हो गए हैं.

गुरुवार को भारतीय प्रशासित कश्मीर के श्रीनगर में चरमपंथियों ने केंद्रीय रिज़र्व पुलिस के एक शिविर पर आत्मघाती हमला कर दिया था.

सीआरपीएफ़ शिविर पर चरमपंथी हमला

देर रात तक चली मुठभेड़ के बाद एक चरमपंथी मारा गया था जबकि सुबह चली मुठभेड़ में दूसरा चरमपंथी भी मारा गया.

यह हमला श्रीनगर के शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन कॉम्पलेक्स के पास हुआ जहाँ राज्य के मुख्यमंत्री गुलाम नबी आज़ाद ने इफ़्तार की दावत का आयोजन किया था.

ऐसा लग रहा था कि इस ऑपरेशन में सेना को और भी ज़्यादा वक़्त लग सकता है लेकिन सेना ने शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ ख़त्म हो गई और दोनों चरमपंथी मारे गए.

चरमपंथी

अभी तक जो दस्तावेज़ इन चरमपंथियों के पास से बरामद हुए हैं उनसे इनके नाम और बाक़ी जानकारी मिल गई है.

अनुमान लगाया जा रहा है कि ये शेरे कश्मीर या लश्करे-तैयबा जैसे किसी चरमपंथी संगठन के हो सकते हैं.

ग़ौरतलब है कि राज्य में युनाइटेड जिहाद काउंसिल की ओर से तीन दिन के संघर्ष विराम की घोषणा की गई थी जो शुक्रवार से प्रभावी हो रही है.

हालांकि इस काउंसिल में लश्करे-तैयबा और शेरे कश्मीर जैसे कुछ चरमपंथी संगठन शामिल नहीं हैं.