गुरुवार, 11 अक्तूबर, 2007 को 14:26 GMT तक के समाचार
शालिनी जोशी
देहरादून से
भारत के पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरूवार शाम एक यात्री बस अलकनंदा नदी में गिर गई जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई है.
यह हादसा उत्तराखंड में विष्णुप्रयाग और गोविंदघाट के बीच हुआ. हादसा शाम करीब चार बजे हुआ.
बताया जाता है कि बस में 44 लोग सवार थे जो राज्य के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बद्रीनाथ से दर्शन करके ऋषिकेष लौट रहे थे. मारे गए सभी श्रद्धालु पूर्वी राज्य उड़ीसा के हैं.
उत्तराखंड के जोशीमठ से एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी को फोन पर बताया कि बस सड़क से फिसलकर लगभग पचास मीटर नीचे अलकनंदा नदी में गिर गई.
घायलों को पौढ़ी गढ़वाल के श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह सभी तीर्थयात्री उड़ीसा के पुरी, भुवनेश्वर, सरसादा जिलों के रहने वाले थे.
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में वाहनों के गहरी खाइयों और नदी में गिरने की हाल में कई घटनाएं हुई हैं. हाल की दुर्घटनाएं खराब मौसम के कारण हुई हैं.