गुरुवार, 11 अक्तूबर, 2007 को 11:15 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की पार्टी का कहना है कि उनकी नेता राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ की देर से पाकिस्तान आने की अपील को नहीं मानेंगी.
राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने बेनज़ीर भुट्टो को तब तक पाकिस्तान न लौटने की सलाह दी है जब तक सुप्रीम कोर्ट राष्ट्रपति चुनाव पर फ़ैसला नहीं दे देता.
लेकिन बेनज़ीर भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रवक्ता फ़रहतुल्ला बाबर ने कहा है कि उनकी पाकिस्तान वापसी के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
समाचार एजेंसी एएफ़पी से बातचीत में उन्होंने कहा, "बेनज़ीर भुट्टो समय पर ही पाकिस्तान लौटेंगी. उनके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं है."
वापसी
बेनज़ीर भुट्टो ने 18 अक्तूबर को पाकिस्तान लौटने की घोषणा की है. पिछले हफ़्ते परवेज़ मुशर्रफ़ ने बड़े अंतर से राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी.
लेकिन वे तब तक राष्ट्रपति पद की शपथ नहीं ले सकते जब तक सुप्रीम कोर्ट उन याचिकाओं पर फ़ैसला नहीं सुना देती, जिनमें उनके सेनाध्यक्ष रहते राष्ट्रपति चुनाव लड़ने को चुनौती दी गई है.
इससे पहले परवेज़ मुशर्रफ़ और बेनज़ीर भुट्टो के बीच एक समझौते की घोषणा हो चुकी है जिसके तहत बेनज़ीर भुट्टो सहित सभी राजनेताओं के ख़िलाफ़ 1986 से 1999 के बीच लगे सभी भ्रष्टाचार के आरोप वापस लिए जाने हैं.
एक निजी टीवी चैनल के साथ बातचीत में परवेज़ मुशर्रफ़ ने कहा था, "मैं तो यही कहूँगा कि बेनज़ीर को पहले नहीं आना चाहिए. पहले हम अपनी मुश्किलों पर क़ाबू पा ले इसके बाद ही उन्हें आना चाहिए."
लेकिन पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने इसे ठुकरा दिया है. पार्टी के प्रवक्ता फ़रहतुल्ला बाबर ने इससे इनकार किया कि दुबई में बेनज़ीर भुट्टो अपने सहयोगियों के साथ राष्ट्रपति मुशर्रफ़ की अपील पर विचार-विमर्श करेंगी.