गुरुवार, 11 अक्तूबर, 2007 को 20:43 GMT तक के समाचार
नारायण बारेठ
बीबीसी संवाददाता, अजमेर से
राजस्थान के अजमेर शहर में विश्व प्रसिद्ध ख़्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में हुए धमाके के बाद सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी है.
केंद्र सरकार ने त्योहारों को देखते हुए देश भर में अलर्ट कर दिया है.
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईद और दुर्गा पूर्जा को देखते हुए पूरे देश में सभी राज्य सरकारों से बहुत सतर्कता बरतने को कहा गया है.
इधर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अजमेर में दरगाह हुए धमाकों की जाँच के आदेश दे दिए हैं.
साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को पाँच पाँच लाख रुपए देने और घायलों को एक एक लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है.
वसुंधरा राजे ने बम धमाकों की कड़ी निंदा की है और राजस्थान के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
ग़ौरतलब है कि गुरुवार को ख़्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में हुए धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और 14 अन्य घायल हो गए थे.
बम धमाका
राजस्थान के गृह सचिव वीएस सिंह ने बीबीसी के साथ बातचीत में कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. धमाका इफ़्तार से ठीक पहले हुआ.
इस समय मुसलमानों के लिए पवित्र रमज़ान का महीना चल रहा है.
अभी तक धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है. जिस समय धमाका हुआ, वहाँ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. घायलों को शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
बीबीसी के साथ बातचीत में राज्य के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि धमाका बहुत शक्तिशाली नहीं था.
गृह मंत्री ने बताया कि गूजर आंदोलन के कारण अजमेर में ज़्यादा पुलिस बलों की तैनाती नहीं हो पाई थी.