http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 10 अक्तूबर, 2007 को 13:50 GMT तक के समाचार

गुजरात और हिमाचल में चुनाव घोषित

भारतीय चुनाव आयोग ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनावों के लिए तारीख़ों की घोषणा कर दी है.

ये चनाव दो चरणों में कराए जाएंगे. गुजरात में मतदान 11 और 16 दिसंबर को होंगे जबकि हिमाचल प्रदेश में 14 नवंबर और 19 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे.

गुजरात में दोनों चरणों में डाले जाने वाले वोटों की गिनती 23 दिसंबर को होगी जबकि हिमाचल प्रदेश में मतगणना 28 दिसंबर को होगी.

गुजरात में पहले चरण में 87 विधान सभा क्षेत्रों में मतदान होगा जबकि दूसरे चरण में 95 क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे.

हिमाचल प्रदेश में पहले चरण में 14 नवंबर को सिर्फ़ तीन विधान सभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे और दूसरे चरण में 65 क्षेत्रों में मतदान होगा.

गुजरात में पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 15 नवंबर को शुरू होगी और 22 नवंबर तक पर्चे भरे जा सकेंगे.

23 नवंबर को पर्चों की जाँच होगी और 26 नवंबर तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे.

गुजरात में दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का सिलसिला 21 नवंबर को शुरू होगा और नामांकन दाखिल करने की आख़िरी तारीख़ 28 नवंबर होगी.

29 नवंबर को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और एक दिसंबर तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे.

हिमाचल प्रदेश में पहले चरण में तीन विधान सभा क्षेत्रों के लिए पर्चे भरने की प्रक्रिया 20 अक्तूबर को शुरू होगी और 27 अक्तूबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे.

28 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और नाम वापिस लेने की आख़िरी तारीख़ 31 अक्तूबर होगी.

चुनाव आयोग ने कहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए चुनाव आचार संहिता बुधवार, 10 अक्तूबर से ही लागू हो गई है.