पाकिस्तानी सेना का कहना है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान के क़बायली इलाक़े में हुई मुठभेड़ में 30 तालेबान चरमपंथी मारे गए हैं. सेना का कहना है कि संघर्ष में 10 सैनिक भी मारे गए हैं.
संघर्ष उस समय शुरू हुआ जब चरमपंथियों ने मीर अली तहसील के खीसूरा में एक सुरक्षा चौकी पर हमला किया. बाद में सेना ने हेलिकॉप्टर से चरमपंथियों के ठिकाने पर हमला किया.
सेना का दावा है कि हमले चरमपंथियों के पाँच ठिकाने पर किए गए. उत्तरी वज़ीरिस्तान अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के निकट है.
बीबीसी के साथ बातचीत में पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद ने कहा कि मारे गए लोग चरमपंथी थे आम नागरिक नहीं.
तेज़ी
उन्होंने कहा कि इलाक़े में सैनिक कार्रवाई चरमपंथियों के ख़िलाफ़ हुई है आम नागरिकों के ख़िलाफ़ नहीं.
मेजर जनरल वहीर अरशद ने बताया कि संघर्ष के दौरान कम से कम 15 सैनिक घायल भी हुए हैं. इस साल जुलाई से उत्तरी वज़ीरिस्तान में हिंसा में तेज़ी आई है.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने एक बार फिर चरमपंथ का ख़ात्मा करने की बात दोहराई है.
अमरीका भी कई बार कह चुका है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान से अल क़ायदा के चरमपंथी अपना ठिकाना बना रहे हैं.