शनिवार, 06 अक्तूबर, 2007 को 10:10 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक सैन्य दस्ते पर हुए आत्मघाती बम हमले में पाँच अफ़गान नागरिकों और एक अमरीकी सैनिक की मौत हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में पाँच अन्य अफ़ग़ान नागरिक घायल हुए हैं.
तालेबान ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
पिछले आठ दिनों में काबुल में यह तीसरा आत्मघाती हमला है.
इससे पहले हुए दोनों हमलों में अफ़ग़ान सुरक्षाबलों को ले जा रही बसों पर हमला किया गया था जिसमें चालीस से अधिक लोगों को जानें गईं थीं.
हमला
शनिवार को आत्मघाती हमले के लिए एक विस्फोटक से भरी एक वैन का इस्तेमाल किया गया.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार अमरीकी फ़ौजों के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कमांडर क्लिंट लार्सन ने बताया कि हवाई अड्डे के रास्ते पर जा रही फ़ौज की दो गाड़ियों का रास्ता इस वैन से रोका गया फिर इसमें विस्फोट कर दिया गया.
तालेबान चरमपंथियों का कहना है कि रमज़ान का महीना होने के कारण उन्होंने हमला तेज़ किया है.