http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 05 अक्तूबर, 2007 को 07:53 GMT तक के समाचार

नेपाल में संविधानसभा का चुनाव टला

नेपाल में सात दलों के सत्तारूढ़ गठबंधन और पूर्व माओवादी विद्रोहियों के बीच लोकतांत्रिक सुधारों के मसले पर जारी गतिरोध को देखते हुए नवंबर में होने वाले संविधान सभा के चुनाव टाल दिए गए हैं.

गठबंधन सरकार संविधान सभा के चुनाव से पहले ही राजशाही को पूर्ण रूप से ख़त्म करने के लिए तैयार नहीं है.

माओवादी चुनाव प्रक्रिया में भी बदलाव की माँग कर रहे हैं.

पिछले साल हुए ऐतिहासिक समझौते के तहत माओवादियों ने हथियार डाल दिए थे और सरकार में भी शामिल हो गए.

22 नवंबर को घोषित संविधानसभा के चुनाव समझौते का अभिन्न हिस्सा था.

लेकिन सरकार में शामिल होने के बाद कई मुद्दों पर मतभेद उजागर होने लगे.

नेपाली कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाश शरण महत ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "नेताओं ने चुनाव स्थगित करने का फ़ैसला किया है लेकिन कोई नई तारीख़ घोषित नहीं हुई है."

माओवादियों ने पूर्ण गणराज्य की घोषणा के साथ-साथ समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली लागू करने की माँग की थी.

पर्यवेक्षकों का कहना है कि माओवादी ये माँग इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि प्रत्यक्ष चुनाव में वो ज़्यादा सीटें हासिल नहीं कर पाएंगे.

माओवादियों ने अपनी माँगे नहीं माने जाने पर जनविरोध शुरू करने की चेतावनी दी है.