http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 05 अक्तूबर, 2007 को 04:55 GMT तक के समाचार

अमरीकी दूत बर्मा सरकार से बात करेंगी

अमरीकी दूत शरी विलारोसा बर्मा की सैनिक सरकार से बात करने वाली हैं.

उधर सरकारी टेलीविज़न के मुताबिक सैनिक शासक जनरल थान श्वे लोकतंत्र समर्थक नेता सू ची से मिलने को तैयार हो गए हैं बशर्ते
सू ची बर्मा के ख़िलाफ़ लगाए गए प्रतिबंधों को जारी अपना समर्थन वापस ले लें.

अमरीकी दूत विलारोसा के बातचीत का एजेंडा क्या होगा और वो किन-किन लोगों से मिलेंगी, इसकी जानकारी नहीं है.

सैनिक सरकार और सू ची से बात कर चुके संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत इब्राहिम गाम्बरी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को बर्मा की स्थितियों से अवगत कराया है.

गाम्बरी के शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करने की संभावना है.

सरकारी रवैये में नरमी

पिछले 15 वर्षों के दौरान यह पहला मौका है जब सैनिक शासक ने लोकतंत्र समर्थक सू ची से मिलने की मंशा जताई है.

उल्लेखनीय है कि बर्मा में सैन्य शासन लागू है और वहाँ पिछले कुछ दिनों से सैन्य शासन के ख़िलाफ़ लोकतंत्र के समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं.

इन प्रदर्शनों और अभियानों को दबाने के लिए हुए बल प्रयोग और हिंसा में दर्जन भर से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोगों को जेलों में डाल दिया गया है.

संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से बर्मा की ताज़ा राजनीतिक स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई है.