http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 03 अक्तूबर, 2007 को 11:49 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

मुठभेड़ में दो सैन्य अफ़सरों समेत 12 मरे

भारत प्रशासित कश्मीर में तंगमार्ग के पास चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो अधिकारियों समेत 12 लोगों की मौत हो गई हैं.

राजधानी श्रीनगर से 40 किलोमीटर दूर हुई इस घटना में मारे गए सैन्य अधिकारियों की पहचान मेजर केपी विनय और मेजर डीआर रमन के रूप में हुई है.

मुठभेड़ में दो जवान घायल भी हुए हैं.

कश्मीर में भारतीय सेना को इस वर्ष पहुँची यह सबसे बड़ी क्षति है.

भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने सैन्य अधिकारियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा है कि सेना ने मुठभेड़ में नौ चरमपंथियों को मारा है.

सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार की सुबह से शुरू हुई थी और बुधवार दोपहर तक जारी रही.

मारे गए चरमपंथियों के चरमपंथी संगठन अल-बदर से संबंधित होने की संभावना जताई जा रही है.

उधर, पुलवामा ज़िले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक अन्य चरमपंथी के मारे जाने की भी ख़बर है.