http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 02 अक्तूबर, 2007 को 08:50 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में विपक्षी सांसदों का इस्तीफ़ा

पाकिस्तान में विपक्षी सांसदों और प्रांतीय असेंबली के विधायकों ने शनिवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के विरोध में संसद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार नेशनल असेंबली के 85 सांसदों ने और प्रांतीय असेंबली के 79 विधायकों ने इस्तीफ़ा दिया है.

विपक्षी दल राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के दोबारा राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने का विरोध कर रहे हैं और इसी के तहत सांसदों और विधायकों ने इस्तीफ़े दिए हैं.

मुशर्रफ़ के राष्ट्रपति पद के लिए पर्चा भरे जाने के विरोध में अदालत में अपील भी दायर की गई है. ये अपील उन दो लोगों ने दायर की है जिन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए पर्चा दाख़िल किया है.

हालांकि पिछले शुक्रवार को पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने उन याचिकाओं को ख़ारिज कर दिया था जिसमें मुशर्रफ़ के दो पदों पर बने रहने को चुनौती दी गई थी.

विपक्षी दलों के एक महत्वपूर्ण नेता मौलाना फ़ज़लुर्रहमान का कहना है कि इस्तीफ़ा देने के इस क़दम के ज़रिए कोशिश की गई है कि मुशर्रफ़ के चुनाव को वैधता न मिले.

राष्ट्रपति पद के लिए प्रांतीय असेंबली के सदस्यों को वोट देना होता है. हालांकि मुशर्रफ़ के सहयोगी दलों के पास मुशर्रफ़ के चुने जाने के लिए ज़रुरी वोट हैं.

विपक्षी दलों का कहना है कि राष्ट्रपति मुशर्रफ़ सेनाध्यक्ष पद छोड़ें और साथ ही पहले प्रांतीय असेंबलियों के चुनाव कराएं जिसके बाद राष्ट्रपति चुनाव हों.