मंगलवार, 02 अक्तूबर, 2007 को 16:45 GMT तक के समाचार
भाजपा नेता और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री बीएस येदीयुरप्पा ने मंगलवार को अपना और पार्टी के अन्य मंत्रियों का इस्तीफ़ा मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को सौंप दिया.
भाजपा ने यह क़दम एचडी कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार कर देने के बाद उठाया.
भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने बंगलौर में कहा कि ये दबाव बनाने के लिए नहीं बल्कि सत्ता परिवर्तन की राह आसान बनाने के लिए किया गया है.
कुमारस्वामी ने मंगलवार को इस्तीफ़े से साफ़ इनकार करते हुए कहा था कि पाँच अक्तूबर को जनता दल-सेक्यूलर की बैठक के बाद ही वो कोई फ़ैसला करेंगे.
उनका कहना था, '' इस तरह के फ़ैसले सब्र और संयम से लिए जाते हैं. हम जल्दबाजी में कोई फ़ैसला नहीं करना चाहते हैं.''
समझौते पर संकट
इससे पहले मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा था कि 20 माह पहले समझौता उनके और कुछ भाजपा नेताओं के बीच हुआ था, दो पार्टियों के बीच नहीं.
जद-एस प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि सत्ता हस्तांतरण मामले में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति पांच अक्तूबर को दिल्ली में अंतिम फ़ैसला करेगी.
ये पूछे जाने पर कि क्या वो राज्य में चुनाव के लिए तैयार हैं, तो उनका कहना था कि जनता दल-एस किसी भी चुनौती के लिए तैयार है.
ग़ौरतलब है कि बीस माह पहले कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद बड़े नाटकीय घटनाक्रम में कुमारस्वामी भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे.
इस दौरान समझौता हुआ था कि वो 20 माह बाद तीन अक्तूबर को सत्ता भाजपा को सौंप देंगे.
लेकिन मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने मंगलवार को कुर्सी छोड़ने से इनकार कर दिया.