http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 01 अक्तूबर, 2007 को 05:03 GMT तक के समाचार

संदिग्ध आत्मघाती हमले में पंद्रह मारे गए

पाकिस्तान के सूबा सरहद में सेना के एक क़ाफ़िले पर हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में पंद्रह लोगों की मौत हो गई है जिनमें चार पुलिस अधिकारी शामिल हैं.

पुलिस का कहना है कि यह हमला बन्नू के बाहरी क्षेत्र में हुआ है जो सीमावर्ती कबायली इलाक़ों से सटा हुआ है. बन्नू में सैनिकों की छावनी है.

सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद ने पाकिस्तान के जियो टीवी से कहा है कि धमाके में चार पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक मारे गए हैं.

पुलिस के अनुसार बम संभवत: एक ऑटो रिक्शा में रखा गया था और यह उस समय फटा जब उसकी तलाशी ली जा रही थी.

अभी यह साफ नहीं हुआ है कि बम में धमाका किसी यात्री ने किया या फिर ऑटो चालक ने.

बन्नू उत्तरी वज़ीरिस्तान क्षेत्र में है जो अफ़ग़ानिस्तान से लगी सीमा से सटा हुआ है जहां तालेबान समर्थक बड़ी संख्या में रहते हैं.

पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तानी सेना पर ऐसे कई हमले हुए हैं.

इस्लामाबाद की लाल मस्ज़िद पर सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद सुरक्षा बलों पर आत्मघाती हमले और बमबारी तेज़ हुई है.