http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 01 अक्तूबर, 2007 को 07:02 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान में बीस 'चरमपंथी' मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) और अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में 20 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं.

गठबंधन सेना ने एक बयान में कहा है कि तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ अभियान के दौरान संदिग्ध विद्रोहियों ने सैनिकों पर हमला बोला और जवाबी कार्रवाई में ये चरमपंथी मारे गए.

बयान में कहा गया है कि इस लड़ाई में कोई आम नागरिक हताहत नहीं हुआ है. हालाँकि मारे गए लोगों के बारे में किसी स्वतंत्र पक्ष से पुष्टि नहीं हो सकी है.

हेलमंद प्रांत को तालेबान का गढ़ माना जाता है और गठबंधन के तमाम अभियानों के बावजूद कई इलाक़े तालेबान के नियंत्रण में हैं.

नैटो का कहना है कि पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में विद्रोहियों और गठबंधन सेना के बीच हुई लड़ाई में तीन आम नागरिक और कई चरमपंथी मारे गए हैं.

नैटो के अनुसार मुठभेड़ उस वक़्त हुई जब पक्तिया प्रांत में तालेबान लड़ाकों ने अफ़ग़ान सेना एक गश्ती दल पर हमला बोल दिया.

अभियान

अफ़ग़ानिस्तान में इस वर्ष गठबंधन सेना और तालेबान लड़ाकों के बीच लड़ाई में अब तक 3000 से अधिक लोग मारे गए हैं.

नैटो का कहना है कि विश्वस्त खुफिया सूत्रों के मिली जानकारी के बाद हेलमंद के रीग ज़िले में तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ अभियान शुरू किया गया था.

गठबंधन सेना के अनुसार, "अभियान के दौरान चरमपंथियों ने स्वचालित और छोटे हथियारों से गठबंधन सेना पर हमला बोल दिया."

जवाबी गोलीबारी में 20 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए.