शनिवार, 29 सितंबर, 2007 को 14:36 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में अधिकारियों ने कहा है कि भारतीय सुरक्षा बलों ने बड़गाम ज़िले उस मस्जिद की घेराबंदी कर ली है जिसमें पाँच चरमपंथियों के छुपे होने की ख़बरें हैं.
यह मस्जिद बड़गाम ज़िले के तूजान गाँव में है.
बड़गाम ज़िले के पुलिस अधीक्षक आशिक बुख़ारी ने बीबीसी को बताया, "हमने मस्जिद में उस स्थान पर कम से कम एक चरमपंथी को देखा है जहाँ नमाज़ अदा की जाती है."
पुलिस अधीक्षक का कहना था कि अन्य चार चरमपंथी मस्जिद के हमाम में छुपे हो सकते हैं. हमाम उस जगह को कहा जाता है जहाँ लोग सर्दियों में ख़ुद को गर्माहट देते हैं और जिसमें ग़ुसलख़ाना भी होता है.
पुलिस अधीक्षक आशिक बुख़ारी ने कहा कि पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और सेना ने जब गाँव में एक संयुक्त अभियान चलाया तो ये चरमपंथी भागकर मस्जिद में छुप गए.
बुखारी ने कहा कि मस्जिद में छुपे चरमपंथियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियाँ भी चलाईं लेकिन सुरक्षा बलों ने जवाब में गोलियाँ नहीं चलाई हैं.
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल इन चरमपंथियों के बाहर आने का इंतज़ार रविवार सुबह तक करेंगे और तब तक अगर वे बाहर नहीं आए तो उन्हें मस्जिद से निकालने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा.
ऐसा कई साल बाद हुआ है जब सुरक्षा बलों ने किसी ऐसी मस्जिद की घेराबंदी की है जिसमें कुछ चरमपंथी छुपे हुए हैं.
मस्जिद की यह घेराबंदी रमज़ान के पवित्र महीने में हुई है. भारत समर्थक दो दलों ने भारत सरकार से रमज़ान के महीने में संघर्ष विराम लागू करने की माँग की थी लेकिन भारत सरकार ने वो माँग नहीं मानी.
यह माँग करने वाले दल थे - पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी का वो धड़ा जो सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल है और विपक्षी नेशनल कान्फ्रेंस.