http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 25 सितंबर, 2007 को 14:59 GMT तक के समाचार

वेदांती के ख़िलाफ़ डीएमके ने शिकायत की

डीएमके ने भाजपा के पूर्व सांसद और विश्व हिंदू परिषद के नेता रामविलास वेदांती के ख़िलाफ़ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फ़ैलाने की शिकायत पुलिस में की है.

वेदांती पर डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के ख़िलाफ़ कथित फ़तवा जारी करने का आरोप है.

हालांकि बाद में वेदांती ने स्पष्टीकरण जारी कर दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके बयान को मीडिया ने तोड़ मरोड़कर पेश किया गया था.

डीमके के क़ानूनी शाखा के सचिव आरएस भारती ने चेन्नई पुलिस आयुक्त को सौंपी शिकायत में कहा है कि वेदांती ने करुणानिधि का हत्या करने का निर्देश दिया था.

शिकायत में कहा गया है कि इससे तमिलनाडु में सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है.

विवाद

पिछले कुछ दिनों से राम और रामसेतु को लेकर डीएमके नेता करुणानिधि और संघ परिवार के नेताओं के बीच बयानबाजी चल रही है.

कुछ दिनों पहले कथित भाजपा समर्थकों ने करुणानिधि की बेटी के घर पर तोड़फोड़ की थी.

उसके बाद डीएमके समर्थकों ने चेन्नई स्थित भाजपा मुख्यालय पर हमला किया था और जमकर तोड़फोड़ की थी.

इसके पहले भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कुरुणानिधि से राम और रामसेतु को लेकर अपना बयान वापस लेने की माँग की थी जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था.

उल्टे उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी को चुनौती दी थी कि वे चाहें तो किसी भी मंच पर उनके साथ बैठकर रामायण पर चर्चा कर लें.

उल्लेखनीय है कि करुणानिधि ने राम को मिथक करार दिया था और कहा था कि इतिहास में राम का कोई अस्तित्व नहीं है.