http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 सितंबर, 2007 को 06:51 GMT तक के समाचार

नारायण बारेठ
बीबीसी संवाददाता, जयपुर

अलवर हत्याकांड में 20 को उम्रक़ैद

अलवर ज़िले की एक अदालत ने तीन व्यक्तियों की निर्मम हत्या के आरोप में 20 लोगों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई है और पाँच लोगों को बरी कर दिया.

इन पर आरोप है कि मुसलमानों के मेव समुदाय और सिखों के बीच टकराव के दौरान इन्होंने तीन सिखों को पीट-पीट कर मार डाला था. यह घटना 24 नवंबर 2005 को मूसाखेड़ा गाँव में हुई थी.

अलवर ज़िले में किशनगढ़ बास के अपर सत्र न्यायाधीश ने इस मामले में 20 लोगों को उम्रकैद़ की सज़ा सुनाई और पाँच लोगों को बरी कर दिया. इसी मामले में पाँच नाबालिगों पर बाल न्यायालय में मुक़दमा चल रहा है.

इस फ़ैसले को देखते हुए अदालत परिसर में ज़बर्दस्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. इसके अलावा आसपास के गाँवों में भी पुलिस को चौकस कर दिया गया है.

इस हत्याकांड के बाद दोनों समुदायों में तनाव व्याप्त हो गया था. इसे देखते हुए मूसाखेड़ा में अभी भी पुलिस तैनात है.