http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 20 सितंबर, 2007 को 17:46 GMT तक के समाचार

दक्षिण नेपाल में हिंसा, 20 मरे

दक्षिण नेपाल में एक स्थानीय राजनीतिज्ञ की हत्या के बाद भड़की हिंसा में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं.

हिंसा के चलते वहाँ दर्जनों लोग घायल हुए हैं और कई वाहनों को क्षति पहुँचाई गई है.

इसके चलते वहाँ कर्फ़्यू लागू करना पड़ा है.

अधिकारियों का कहना है कि रविवार को कपिलवस्तु ज़िले के नेता मोइद ख़ान की हत्या के बाद से प्रतिद्वंद्वी गुटों में झगड़े शुरु हो गए थे.

पुलिस ने पहले सिर्फ़ तीन लोगों के मारे जाने की बात कही थी लेकिन बुधवार और गुरुवार को जब पुलिस ने दूसस्थ ग्रामीण इलाक़ों का दौरा किया तो कई और लाशें मिलीं.

ज़िले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र दहल ने कहा है कि अभी मामले की जाँच कर रही है और यह कहना मुश्किल है कि हिंसा के लिए कौन से गुट ज़िम्मेदार हैं.

इस बीच प्रशासन ने इस घटना की जाँच के लिए न्यायिक समिति का गठन किया है.

हिंसा

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार मोइद ख़ान ने दो साल पहले माओवादी विद्रोहियों की हिंसा का विरोध करने के लिए एक समूह का गठन किया था.

तब नेपाल पर राजा ज्ञानेंद्र का शासन था.

संसद की बहाली के बाद माओवादियों ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा की राजनीति में आने का निर्णय लिया था.

समाचार एजेंसी के अनुसार मोइद ख़ान के समर्थक आरोप लगा रहे हैं कि उनकी हत्या माओवादियों ने ही की है. जबकि माओवादी नेता इससे इनकार कर रहे हैं.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिंसा वाले इलाक़ों में सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.