बुधवार, 19 सितंबर, 2007 को 13:10 GMT तक के समाचार
अमरीका और भारत के बीच परमाणु समझौते पर यूपीए और वाम दलों की समिति की बैठक में महत्वपूर्ण पहलूओं पर चर्चा हुई और तय हुआ कि अगले महीने एक और बैठक की जाएगी.
इस बीच विएना में कल न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप की बैठक होने वाली है लेकिन समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारतीय परमाणु ऊर्जा आयोग के चेयरमैन अनिल काकोदकर इसमें हिस्सा नहीं लेंगे.
परमाणु मामलों पर गठित समिति की बैठक के बाद समिति के संयोजक और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने संवादददाताओं को बताया कि परमाणु समझौते से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुल कर बातचीत की गई है.
प्रणब मुखर्जी ने इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी और बाकी सवालों को टाल गए.
हालांकि समिति के एक सदस्य डी राजा ने अगर सरकार समिति की सिफ़ारिशों से पहले परमाणु समझौते से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं को आगे बढ़ाते हैं तो ये सही नहीं होगा.
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद अल बारादेई के अगले महीने भारत आने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
उधर परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रमुख अनिल काकोदकर ने आईएईए की बैठक को संबोधित किया लेकिन उसमें भारत अमरीका परमाणु सौदे का कोई ज़िक्र नहीं किया.
उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को उम्मीद है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जल्दी ही भारत को परमाणु सहयोग मिल सकेगा.