बुधवार, 19 सितंबर, 2007 को 08:37 GMT तक के समाचार
ब्रितानी सैनिकों के नेतृत्व वाली बहुराष्ट्रीय सेना ने अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत में तालेबान के ख़िलाफ़ व्यापक अभियान चलाया है. अभियान में लगभग 700 सैनिक शामिल हैं.
जून के बाद दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में बहुराष्ट्रीय सेना का यह सबसे बड़ा अभियान है.
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तालेबान लड़ाकों को उत्तर की ओर खदेड़ना है.
अफ़ग़ानिस्तान में इस वर्ष हिंसा में तेज़ी आई है. तालेबान और विदेशी फ़ौज के बीच हुई लड़ाई में इस वर्ष अब तक तीन हज़ार से अधिक लोग मारे गए हैं.
पिछले छह महीनों में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) की सेना ने तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ हेलमंद में अपनी स्थिति मज़बूत की है, लेकिन उसे इसकी कीमत भी अपने कई सैनिकों की जान गँवाकर चुकानी पड़ी है.
तालेबान के साथ लड़ाई में 27 ब्रितानी सैनिक मारे गए हैं और हिंसा में कमी नज़र नहीं आ रही है.
तालेबान लड़ाके जब-तब अंतरराष्ट्रीय सेना और अफ़ग़ान सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर रॉकेट और बम हमले करते रहते हैं.
सुरक्षा बलों के नियंत्रण वाले कस्बों और शहरों में आत्मघाती हमलों का ख़तरा भी बढ़ गया है.