http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 17 सितंबर, 2007 को 06:12 GMT तक के समाचार

काकोदकर आईएईए की बैठक में शामिल

भारतीय परमाणु ऊर्जा आयोग के चेयरमैन अनिल काकोदकर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की सालाना बैठक में हिस्सा ले रहे हैं.

आईएईए की वार्ताओं के दौरान काकोदकर 19 सितंबर को बैठक को संबोधित करने वाले हैं.

यूँ तो भारत की ओर से आईएईए की बैठक में हिस्सा लेने हर साल प्रतिनिधि जाते हैं लेकिन भारत और अमरीका के बीच हुए परमाणु समझौते पर विवाद को देखते हुए काकोदकर की इस यात्रा को काफी महत्व दिया जा रहा है.

अभी ये स्पष्ट नहीं है कि काकोदकर अपनी यात्रा के दौरान भारत अमरीका परमाणु समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे या नहीं. समझौते के तहत भारत को आईएईए से विशेष रियायतों के लिए वार्ताएं करनी है.

उल्लेखनीय है कि घरेलू स्तर पर भारत अमरीका परमाणु संधि का विरोध हो रहा है और सरकार की सहयोगी वाम दलों की चिंताओं पर चर्चा के लिए समिति का गठन किया गया है.

वाम दलों की मांग रही है कि जब तक उनकी चिंताओं का निराकरण नहीं हो जाता तब तक परमाणु समझौते को लागू करने की दिशा में कोई क़दम न उठाया जाए और न ही आईएईए से वार्ताएं की जाएं.

संवाद समिति पीटीआई ने काकोदकर की यात्रा के बारे में उनके एक सहयोगी के हवाले से कहा है कि यह एक रुटीन यात्रा है.

हालांकि पीटीआई के अनुसार सरकारी सूत्रों ने कहा है कि काकोदकर को परमाणु समझौते के बारे में बात करनी होगी अगर सम्मेलन के वैज्ञानिक फोरम की बैठक में यह मुद्दा उठाया जाता है.

काकोदकर के अलावा भाभा परमाणु शोध केंद्र के निदेशक एस बनर्जी और परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड के चेयरमैन एस के शर्मा भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं.