शनिवार, 15 सितंबर, 2007 को 08:42 GMT तक के समाचार
नारायण बारेठ
बीबीसी संवाददाता, जयपुर
राजस्थान के दक्षिणी शहर उदयपुर में शनिवार की सुबह बोहरा मुसलमान गुटों में नमाज़ पढ़ने को झड़पें हो गईं जिनके बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
उदयपुर के पुलिस अधीक्षक गोविंद गुप्ता ने बीबीसी को बताया कि बोहरवाड़ी क्षेत्र में दोनों गुटों के बीच पथराव हुआ और उसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
जानमाल के नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.
उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है लेकिन एहतियात के तौर पर उस इलाक़े में कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
बोहरवाड़ी क्षेत्र में बोहरा मुसलमानों के दो गुट रहते हैं. एक शबाब गुट है और दूसरा बोहरा.
शबाब गुट को उदारवादी गुट माना जाता है जबकि बोहरा गुट को परंपरावादी कहा जाता है है.
इन दोनों गुटों में आपसी तनाव का पुराना इतिहास रहा है और इनके बीच अक्सर झड़पें होती रही हैं.
दोनों गुटों में तनाव की यह घटना इस बार कई सालों में बाद हुई है.