शुक्रवार, 14 सितंबर, 2007 को 18:38 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में सेना समर्थित अंतरिम सरकार के प्रमुख फख़रूद्दीन अहमद ने कहा है कि निकट भविष्य में आपातकाल हटाने की कोई योजना नहीं हैं.
अहमद ने बीबीसी से कहा कि उनकी सरकार देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लायक माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है.
उनका कहना था कि चुनाव समाज के सभी तबकों को स्वीकार्य होना चाहिए और इसके लिए जो ज़रूरी क़दम उठाने हैं, उनके लिए आपातकाल से संबंधित नियम आवश्यक हैं.
फ़ख़रूद्दीन अहमद ने बताया कि देश में आंतरिक राजनीतिक गतिविधियों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है.
उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू होने से नागरिकों के दिन-प्रतिदिन के कामकाज़ और मीडिया संगठनों की आज़ादी पर कोई असर नहीं पड़ रहा है.
सेना के समर्थन से बनी अंतरिम सरकार ने देश से भ्रष्टाचार ख़त्म करने की प्रतिबद्धता जताई थी और इसके तहत कई राजनेताओं की गिरफ़्तारी भी हुई.
अंतरिम सरकार के शासनकाल में 150 से अधिक नेता गिरफ़्तार किए जा चुके हैं.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश में इसी साल शुरू में आम चुनाव होने थे लेकिन अंतरिम सरकार ने अगले साल चुनाव कराने का फ़ैसला किया है.