http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 सितंबर, 2007 को 13:41 GMT तक के समाचार

छात्र की मौत के बाद हिंसक प्रदर्शन

भारत प्रशासित कश्मीर में बारामुला में मंगलवार को एक छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं हैं. ये झड़पें ग्रामीण लोगों के प्रदर्शनों के दौरान हुई हैं.

उत्तेजित गाँववालों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि छात्र - मोहम्मद रमज़ान को फ़र्ज़ी मुठभेड़ में मार दिया गया है. उधर पुलिस का दावा था कि मारा गया युवक चरमपंथी था.

हज़ारों क्रोधित गाँववाले मृतक छात्र के शव के साथ सड़कों पर उतर आए और राजमार्ग पर ट्रैफ़िक रोक दिया. जब प्रदर्शनकारियों ने पत्थराव किया तो पुलिस ने लाठियाँ बरसाईं और आँसू गैस का इस्तेमाल किया.

जाँच की माँग

प्रदर्शनकारी पूरे मामले की जाँच की माँग कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों ने घटना की जाँच के आदेश दिए जाने तक मृतक छात्र के शव को दफ़नाने से इनकार कर दिया.

गाँववालों का कहना था कि छात्र सरकारी डिग्री कॉलेज सोपोर में पढ़ता था और जब वह अपने रिश्तेदारों के घर हांडवाड़ा जा रहा था तब सेना ने उसे गिरफ़्तार कर लिया.

हांडवाड़ा के पुलिस अधिक्षक हसीब मुग़ल ने बीबीसी को बताया कि ये युवक एक अन्य चरमपंथी एक मुठभेड़ के बाद मारा गया. उनका ये भी कहना था कि मुठभेड़ 14 घंटे चली.

पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में पाँच पुलिसकर्मियों समेत बीस लोग घायल हो गए.

बाद में कुछ अलगाववादी नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर प्रदर्शनकारियों को रमज़ान का शव दफ़नाने के लिए मना लिया.

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ बल के इस्तेमाल की निंदा की है और पूरे मामले की जाँच की माँग की है.