http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 06 सितंबर, 2007 को 03:43 GMT तक के समाचार

'विद्रोहियों ने पाक सैनिकों को रिहा किया'

अधिकारियों का कहना है कि तालेबान समर्थक चरमपंथियों ने छह पाकिस्तानी सैनिकों को रिहा कर दिया है.

ऐसी ख़बरें हैं कि विद्रोहियों ने बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान की सीमा के नज़दीक बंधक बना रखा है.

दक्षिणी वज़ीरिस्तान के क़बायली इलाक़े में छह सैनिकों को रिहा किया गया. सैनिकों की रिहाई में वरिष्ठ क़बायली नेताओं ने अहम भूमिका निभाई.

चरमपंथी बंदियों की रिहाई और क़बायली इलाक़े से सेना को हटाए जाने की माँग कर रहे हैं.

उनका कहना है कि सरकार सेना को हटाने पर सहमत हो गई थी लेकिन उसने ऐसा नहीं किया.

विद्रोहियों का कहना था कि उन्होंने गुरुवार को 300 सैनिकों को बंधक बना लिया था.

दूसरी ओर सेना इस दावे को ग़लत बताती आ रही है और सेना के हवाले से बताया गया था कि लगभग सौ सैनिकों का एक कारवां कुछ समय के लिए संपर्क से बाहर था पर वे सुरक्षित पाए गए.

स्थिति यह है कि दोनों ओर से आ रहे परस्पर विरोधाभासी बयानों के बीच यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि लापता सैनिक कहाँ पर और किस हाल में हैं.

उल्लेखनीय है कि क़बायली नेताओं और सरकार के बीच हुए शांति समझौते के टूट जाने के बाद से उस क्षेत्र में हिंसक घटनाएँ बढ़ी हैं.

पिछले कुछ महीनों में कम से कम 60 सैनिक और 250 चरमपंथी मारे गए हैं.