शुक्रवार, 31 अगस्त, 2007 को 09:12 GMT तक के समाचार
हैदराबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विस्फोट के पाँच दिन बाद लुम्बिनी पार्क को आम लोगों को लिए खोल दिया गया. हालांकि गुरुवार को पार्क में काफ़ी कम लोग पहुँचे.
ग़ौरतलब है कि गत शनिवार को हैदराबाद में हुए दो विस्फोटों में से एक लुम्बिनी पार्क ऑडिटोरियम में हुआ था. इन धमाकों में 43 लोग मारे गए थे और अनेक अन्य घायल हो गए थे.
पार्क की गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और इससे गुजरने के बाद ही किसी को भी अंदर जाने दिया जा रहा है.
एक अधिकारी ने बताया,''हम पार्क की सुरक्षा को और पुख़्ता करने के लिए जल्द ही सीसीटीवी और सौर ऊर्जा से चलने वाली बाड़ लगाने जा रहे है.''
पार्क के लिए सुरक्षाकर्मियों की संख्या दोगुनी कर दी गई है और मोबाइल को छोड़कर कोई भी अन्य सामान अंदर ले जाने की इजाज़त नहीं दी जा रही है.
लोगों के सामानों को जमा रखने के लिए क्लॉर्क रूम बनाया जा रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि शाम तक पार्क में 350 लोग पहुँचे. जबकि अमूमन व्यस्त समय में इस पार्क में तीन हज़ार तक लोग आते हैं.
लेज़र शो
बताया जा रहा है कि सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जाँच करने के बाद अधिकारी एक हफ़्ते के भीतर लेज़र शो फिर से शुरू करने का फ़ैसला कर सकते हैं.
ग़ौरतलब है कि पार्क के ओपन एयर ऑडिटोरियम में लेज़र शो के दौरान ही विस्फोट हुआ था और इसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी.
इससे पहले बुधवार को हैदराबाद की पुलिस ने लुम्बिनी पार्क ऑडिटोरियम में विस्फोटक सामग्री रखने का शक में एक युवक का स्केच जारी किया था.
हैदराबाद के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और विशेष जाँच दल का नेतृत्व कर रहे पुन्ना राव ने बताया कि लुम्बिनी पार्क में मौजूद और धमाके में घायल हुए एक प्रत्यक्षदर्शी की जानकारी के आधार पर स्केच बनाया गया है.
प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से पुलिस का कहना है कि कंप्यूटर सॉफ़्टवेयर की मदद से बनाया गया स्केच लगभग 25 साल के नज़र आने वाले युवक से लगभग 90 प्रतिशत मिलता-जुलता है.
जिस व्यक्ति पर संदेह किया जा रहा है, पुलिस के अनुसार वह व्यक्ति प्रत्यक्षदर्शी के पास आकर बैठा था और उसके पास एक काले रंग का थैला था.
राव का कहना था कि पुलिस ने लुम्बिनी पार्क में उस दिन मौजूद लोगों से अपील की है कि वे इस बारे में कोई जानकारी दे.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त का कहना है कि कोठी में हुए धमाके के बारे में फ़िलहाल कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है.
उन्होंने ये भी कहा कि 20-25 लोगों को पुराने शहर के इलाक़े से हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ चल रही है.