http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 31 अगस्त, 2007 को 13:12 GMT तक के समाचार

सुप्रीम कोर्ट का गुजरात सरकार को नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के पंचमहल ज़िले की कब्रगाह से मिले मानव अवशेषों की जांच सीबीआई से कराने की याचिका पर गुजरात सरकार को नोटिस जारी किए हैं.

जस्टिस बी एन अग्रवाल ने इस मामले में राज्य सरकार और सीबीआई से चार हफ्तों में जवाब मांगा है.

गोधरा की घटना के हुए दंगों में कई लोग मारे गए थे जिसमें बाद में हुई जांच के क्रम में पंचमहल से 21 लोगों के अवशेष मिले थे.

कहा जाता है कि 21 लोगों को इस कब्रगाह के पास जला दिया गया था. ये घटना पंचमहल ज़िले के पंढरवाड़ा में हुई थी.

इस संबंध में हाई कोर्ट में भी सीबीआई जांच की मांग की याचिका दायर की गई थी लेकिन वहां याचिका ख़ारिज़ हो गई जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी.

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दावा है कि ये मानव अवशेष उन मुसमलानों के हैं जिन्हें मार्च 2002 में सांप्रदायिक दंगों के दौरान एक भीड़ ने मार दिया था.

कार्यकर्ताओं का मानना है कि राज्य सरकार गुजरात दंगों की जांच ठीक से नहीं कर रही है और यही कारण है कि सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग हो रही है.