http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 31 अगस्त, 2007 को 08:34 GMT तक के समाचार

फोर्ब्स ने माना मायावती का लोहा

दुनिया की शक्तिशाली महिलाओं की सूची में उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती का नाम पहली बार शामिल हो गया है.

पत्रिका का कहना है कि "मायावती भारत की राइजिंग स्टार हैं और वे बहुत तेज़ी से सत्ता के शीर्ष पर पहुँचने में जुटी हुई हैं."

फोर्ब्स ने उत्तर प्रदेश में ब्राह्रणों और दलितों का गठबंधन बनाने और उसे सफलता दिलाने के उनके राजनीतिक कौशल की जमकर प्रशंसा की है.

फोर्ब्स ने मायावती के बारे में लिखा है, "वे देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य की मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री पद का सफ़र तय करने के लिए कटिबद्ध दिख रही हैं."

इस सूची में वे 59वें नंबर पर ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ के ठीक बाद हैं.

दुनिया की 100 शक्तिशाली महिलाओं की सूची में भारत की सोनिया गांधी, इंदिरा नूई और उद्योगपति किरण मजूमदार शॉ भी हैं.

प्रतिष्ठित व्यावसायिक पत्रिका फोर्ब्स हर साल यह लिस्ट जारी करती है, पिछले साल इस सूची में छठे नंबर पर रहीं सोनिया गांधी अब 21वें नंबर पर आ गई हैं जबकि इंदिरा नूई दो पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर जा पहुँची हैं.

इस गिरावट के बावजूद सोनिया गांधी को इस सूची में हिलेरी क्लिंटन (28वें नंबर पर), मिलिंडा गेट्स (40वें नंबर पर) और लॉरा बुश (44वें नंबर पर) से काफ़ी ऊपर हैं.

बायोकॉन नाम की जैव रसायन बनाने वाली कंपनी की मालकिन किरण मजूमदार शॉ पहली बार इस सूची में जगह बना पाई हैं और वे 99वें नंबर पर हैं.

पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी इस सूची में सबसे ऊपर जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल हैं.

शक्तिशाली महिलाओं की सूची उनकी दौलत, उनकी सार्वजनिक छवि और उनके असर-रसूख़ के आधार पर तैयार की जाती है.

इस लिस्ट में पहले दस स्थानों पर अमरीकी विदेश मंत्री कॉन्डोलिज़ा राइस सहित छह अमरीकी महिलाएँ हैं.

इस लिस्ट में तीन महिलाएँ भारतीय नागरिक हैं--सोनिया गांधी, मायावती और किरण मजूमदार शॉ, जबकि इंदिरा नूई भारतीय मूल की अमरीकी नागरिक हैं.