http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 31 अगस्त, 2007 को 18:52 GMT तक के समाचार

समझौता अभी नहीं हो सका है:बेनज़ीर

पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नेता बेनज़ीर भुट्टो ने कहा है कि लोकतंत्र की बहाली के लिए राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के साथ समझौता अभी तक नहीं हो सका है.

बेनज़ीर भुट्टो लंदन में अपनी पार्टी के नेताओं से मिल रही हैं.

पार्टी की दो दिनों तक चलने वाली बैठक में यह फ़ैसला किया जाएगा कि राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ के साथ सत्ता साझीदारी पर बातचीत जारी रखी जाए या नहीं.

बैठक शुरु होने से पहले बेनज़ीर से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या जनरल मुशर्रफ़ के साथ बातचीत कामयाब होने की उम्मीद है, तो उनका कहना था, "हम अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते."

पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की स्वदेश वापसी की घोषणा पर बेनज़ीर ने कहा कि ये अच्छी बात है और पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने भी इसकी इजाज़त दे दी है.

उन्होंने कहा कि नवाज़ शरीफ़ के साथ उनका कोई मुक़ाबला नहीं है और दोनों ही नेता लोकतंत्र की बहाली की कोशिश कर रहे हैं.

बेनज़ीर ने बताया कि पार्टी की बैठक में सरकार के साथ चल रही बातचीत, पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति और उनकी वतन वापसी की योजना पर चर्चा की जाएगी.

बेनज़ीर चाहती हैं कि संसद को भंग करने का अधिकार राष्ट्रपति से वापस ले लिया जाए और उस क़ानून में भी संशोधन किया जाए जिसके मुताबिक कोई भी व्यक्ति दो बार से अधिक प्रधानमंत्री नहीं बन सकता.