बुधवार, 29 अगस्त, 2007 को 19:15 GMT तक के समाचार
फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी संवाददाता, भोपाल
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले में बुधवार को एक पुलिस दल पर हुए हमले में कई पुलिसकर्मियों के मारे जाने की आशंका है.
राज्य के पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन ने बताया कि हमले के बाद 40 लोगों की पुलिस टीम में से 12 लोग वापस नहीं आए हैं.
उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ लोग हमले का शिकार हुए हो सकते हैं लेकिन हम उनकी सही संख्या तब तक नहीं बता सकते हैं जब तक इसकी पुष्टि नहीं हो जाती.
इन 12 पुलिसकर्मियों में सात स्पेशल पुलिस ऑफ़िसर, चार हवलदार और एक इंस्पेक्टर शामिल है.
लापता पुलिसकर्मियों को छोड़कर बाक़ी के 28 लोग वापस आ गए हैं जिनमें से छह घायल हैं.
पुलिस का कहना था कि पुलिसकर्मियों का एक दल बुधवार सुबह ग्रामीणों के साथ जगरगुंडा के उन स्थानों की सड़कों की मरम्मत के लिए गया था जिन्हें नक्सलवादियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था.
काम ख़त्म होने के बाद ये दल दो हिस्सों में बंट गया.
ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों का एक दल वापस लौट आया. जबकि 40 पुलिसकर्मियों का एक दल जगरगुंडा की ओर चला गया जहाँ नक्सलवादियों ने उन पर हमला कर दिया.
उल्लेखनीय है कि बस्तर का दंतेवाड़ा ज़िला देश के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित ज़िलों में से एक है.
पुलिस का कहना है कि एक अन्य घटना में बैंक के बीजापुर से भोपाल पट्टनम ले जा रहे दो लाख रुपए नक्सलवादियों ने लूट लिए.