http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 27 अगस्त, 2007 को 21:27 GMT तक के समाचार

संजय जेना
भुवनेश्वर से

उड़ीसा में हैज़े से 80 की मौत

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि उड़ीसा के तीन आदिवासी ज़िलों में हैज़े के कारण पिछले 15 दिनों में लगभग 80 लोगों की मौत हो गई है.

उड़ीसा के कालाहांडी, कोरापुत और रायगढ़ ज़िलों में दो हज़ार से अधिक लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमित खाने और पानी के कारण हैज़े ने व्यापक रूप ले लिया है.

अपुष्ट ख़बरों के अनुसार मरनेवालों की संख्या 200 तक हो सकती है.

राजधानी भुवनेश्वर से लगभग 500 किलोमीटर दूर काशीपुर इलाक़ा इससे सबसे अधिक प्रभावित हुआ है.

ज़िले के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी बेनूधर नायक का कहना था कि यहाँ कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई है. कालाहांडी ज़िले से भी छह लोगों की मौत की ख़बर है.

स्थिति गंभीर

शुरुआत में संदेह था कि ये डायरिया है लेकिन बाद में भुवनेश्वर की क्षेत्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला और एमकेसीजी अस्पताल के संक्रमण विभाग ने हैज़े की पुष्टि की.

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित गांवों से 43 नमूने लिए गए जिनमें से 31 मामलों में हैजे के वायरस की पुष्टि हुई.

उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घोषणा की है कि प्रभावित लोगों का विभिन्न सरकारी अस्पतालों में इलाज किया जाएगा.

मुख्यमंत्री पटनायक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दुर्योधन मांझी ने विशेष स्वास्थ्य दल के साथ प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया.

स्वास्थ्य सचिव चिन्मय बसु 12 स्वास्थ्य टीमों के साथ शुक्रवार से काशीपुर में डेरा डाले हुए हैं ताकि बीमारी और न फैले.

दूसरी ओर भुवनेश्वर में एक दल स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रहा है.