रविवार, 26 अगस्त, 2007 को 07:02 GMT तक के समाचार
उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी ने कहा है कि हैदराबाद धमाकों के पीछे बांग्लादेश या पाकिस्तान के किसी संगठन का हाथ है.
उन्होंने इसे 'आतंकवादी' हमला बताते हुए कहा कहा, "हमारे पास अभी तक जो सबूत मिले हैं, उससे स्पष्ट है कि हमले में बांग्लादेश या पाकिस्तान के किसी संगठन का हाथ है."
यह पूछे जाने जाने पर कि क्या उनका इशारा पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की ओर है तो उन्होंने आईएसआई का नाम लिए बिना कहा, "हाँ हमारे पास सबूत तो इसी बात के हैं कि हमला बाहरी ताकतों ने किया है."
धमाकों को नाकाम करने में राज्य पुलिस और ख़ुफ़िया विभाग की विफलता के बारे में पूछने पर मुख्यमंत्री का कहना था, "मामला आंतरिक नहीं है. जब बाहरी ताकतें सक्रिय हो तो राज्य सरकार कुछ ज़्यादा नहीं कर सकती. ये हमारी विफलता नहीं है बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है."
मुआवज़ा
मुख्यमंत्री ने धमाकों में मारे गए लोगों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रूपए और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की.
उन्होंने घायलों को 25-25 हज़ार रूपए की सहायता देने की घोषणा की और उनका इलाज़ निजी अस्पतालों में कराने का निर्देश दिया.
ग़ौरतलब है कि शनिवार शाम हैदराबाद के दो जगहों पर हुए धमाकों में 42 लोग मारे गए और 60 से ज़्यादा घायल हुए हैं.