http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 25 अगस्त, 2007 को 14:56 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान ने हत्फ़-8 का परीक्षण किया

पाकिस्तान की सेना ने कहा है कि उसने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम क्रूज़ मिसाइल का सफल परीक्षण किया है.

बयान में कहा गया है कि हत्फ़-8 नाम की इस मिसाइल की मारक क्षमता 350 किलोमीटर है और ये हर तरह के हथियार ले जा सकती है.

पाकिस्तानी सेना के मुताबिक ये मिसाइल ख़ास तौर पर पाकिस्तान के कई हवाई ठिकानों से प्रक्षेपण के लिए बनाई गई है.

हत्फ़-7 का परीक्षण इस साल मार्च में किया गया था और इसकी मारक क्षमता सात सौ किलोमीटर थी.

जबकि फ़रवरी में ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाली हत्फ़-6 मिसाइल का परीक्षण किया गया था. इसकी मारक क्षमता दो हज़ार किलोमीटर थी.

भारत और पाकिस्तान में वर्ष 2004 से जारी शांति वार्ता के बावजूद दोनों ही देश मिसाइल के परीक्षण करते रहते हैं. हालांकि दोनों देश इसकी पूर्व सूचना एक-दूसरे को देते हैं.

पाकिस्तान ने 1980 के दशक में हत्फ़-1 और हत्फ़-2 का विकास किया और इसी के साथ पाकिस्तान का ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाला मिसाइल कार्यक्रम शुरू हुआ था.

हत्फ़-1 और हत्फ़-2 की मारक दूरी 80 किलोमीटर, हत्फ़-3 की 300 और हत्फ़-4 की मारक क्षमता 400 किलोमीटर तक है.

जबकि पाकिस्तान की शाहीन श्रेणी की मिसाइलों में शाहीन-1 की मारक क्षमता 1000-1500 किलोमीटर है और शाहीन-2 दो हज़ार किलोमीटर तक मार कर सकती है.