गुरुवार, 23 अगस्त, 2007 को 11:11 GMT तक के समाचार
रामदत्त त्रिपाठी,
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में घोषित उस कृषि नीति को वापस ले लिया है जिसके तहत व्यवसायिक घरानों को ठेके पर खेती करने और बड़ी कंपनियों को खुदरा व्यापार करने की अनुमति दी गई थी.
मुख्यमंत्री मायावती ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि इस संबंध में गुरुवार की सुबह फ़ैसला किया गया है
उनका कहना था कि इस संबंध में खुफिया स्तर पर जानकारी ली गई थी जिससे पता चला कि किसान इस फ़ैसले से खुश नहीं हैं.
मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि प्रशासन ने रिलायंस द्वारा लखनऊ और वाराणसी में खोली गई खुदरा दुकानों को भी बंद करने का आदेश दिया है.
इससे पहले बुधवार को व्यापारियों और किसानों ने बनारस और लखनऊ में इन खुदरा दुकानों के ख़िलाफ हिंसक प्रदर्शन किए थे.
अधिकारियों का कहना है कि ये दुकानें तब तक बंद रहेंगी जब तक इस संबंध में सरकार कोई नई नीति नहीं बना लेती.
नई दुकानों को खोलने के बारे में नीति की समीक्षा के लिए एक कमिटी का गठन किया गया है.
बड़ी कंपनियों को खुदरा दुकानें खोलने की अनुमति दिए जाने से छोटे व्यापारी और किसान काफी नाराज़ थे क्योंकि उन्हें अपने व्यापार के बर्बाद होने का अंदेशा था.