http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 20 अगस्त, 2007 को 18:24 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, उत्तरप्रदेश

अमिताभ की अर्ज़ी पर यूपी पहुँची पुलिस

बच्चन परिवार की बताई जाने वाली विवादित ज़मीन की जाँच करने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले पहुँच गई है.

मुंबई पुलिस बाराबंकी में इस बात की जाँच करेगी कि क्या वाकई विवादित रहा भूखंड बच्चन परिवार की पुश्तैनी ज़मीन था या फिर उन्हें धोखे से यह ज़मीन दी गई है.

मुंबई पुलिस इस सिलसिले में बाराबंकी और फैज़ाबाद में अदालत और तहसील में पूछताछ करके तथ्यों की पड़ताल करने की कोशिश करेगी.

दरअसल, दो दिन पहले ही बच्चन परिवार की ओर से मुंबई में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसमें कहा गया था कि विजय शुक्ल नाम के एक व्यक्ति ने उनके साथ इस ज़मीन को लेकर धोखाधड़ी की है.

प्राथमिकी में कहा गया है कि यही वो व्यक्ति है जिसने उन्हें बताया कि बाराबंकी में बच्चन परिवार की एक पुश्तैनी ज़मीन है. इसी के आधार पर बच्चन परिवार ने विनय शुक्ल नाम के एक अन्य व्यक्ति को वहाँ बच्चन परिवार के लिए और ज़मीन ख़रीदने की पावर ऑफ़ एटॉर्नी दी थी.

बच्चन परिवार ने कहा है कि अब उन्हें मीडिया में आई ख़बरों के ज़रिए पता चला है कि उन्हें यह भूखंड फ़र्जी है.

हालांकि दूसरी ओर विजय शुक्ल की ओर से इस बात का खंडन किया गया है कि उन्होंने ज़मीन मामले में बच्चन परिवार के साथ किसी तरह का धोखा किया है.

विवाद

जानकार मानते हैं कि खेतिहर भूखंड को लेकर अमिताभ बच्चन की मुश्किलें ख़त्म होती नज़र नहीं आ रही है.

माना जा रहा है कि ताज़ा प्राथमिकी के आधार पर जाँच के बाद अगर बिग बी का दावा सही नहीं मिलता है तो इससे उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.

ग़ौरतलब है कि बाराबंकी एक एक खेती योग्य भूखंड को लेकर अमिताभ बच्चन उस वक्त विवादों में आ गए थे जब अधिकारियों ने उनके इस ज़मीन के मालिक होने के कागज़ातों को फर्ज़ी करार दे दिया था.

अमिताभ बच्चन पर इसके बाद आरोप लगा था कि उन्होंने ख़ुद को किसान दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले में ज़मीन के कागज़ात में हेरफेर कराया था और उन्हें दौलतपुर में कृषि भूमि का मालिक दिखाया गया था.

इसी के आधार पर अमिताभ बच्चन ने पुणे के पास पवाना डैम के निकट फार्म हाउस बनाने के लिए कृषि भूखंड ख़रीदा था.