http://www.bbcchindi.com

रविवार, 19 अगस्त, 2007 को 18:36 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में चरमपंथी ठिकानों पर हमले

लड़ाकू हेलिकॉप्टरों से लैस पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान से सटे उत्तरी वज़ीरिस्तान में चरमपंथी ठिकानों पर हमले किए हैं.

सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल वहीद अरशद ने दावा किया है कि दो चरमपंथी शिविरों पर हुए हमलों में 18 चरमपंथी मारे गए हैं जिनमें से अधिकतर उज़्बेक थे.

स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मीर अली शहर के निकट हुए इन हमलों में दो महिलाओं और दो बच्चों की भी मौत हो गई.

जुलाई माह से ही उत्तरी वज़ीरिस्तान में हिंसा बढ़ी है जब स्थानीय कबायली नेताओं ने सरकार के साथ संघर्षविराम को मानने से इनकार कर दिया था.

अफ़ग़ानिस्तान से सटे पहाड़ी इलाक़ों पर सख़्त पहरेदारी रखने के लिए अमरीका भी पाकिस्तान पर दबाव डालता रहा है.

अमरीका कई बार आशंका जता चुका है कि इसी इलाक़े में अलक़ायदा और और तालेबान के नेता छिपे हुए हैं.

अभियान

मीर अली शहर में रविवार को ये कार्रवाई फ़ौजी शिविर पर चरमपंथी हमले के बाद शुरू हुई.

सेना के प्रवक्ता जनरल अरशद का कहना है कि कार्रवाई में उज़्बेकिस्तान से ताल्लुक रखने वाले 15 चरमपंथी मारे गए हैं.

तालेबान का कहना है कि उनके तीन साथी हमलों के शिकार हुए हैं.

इससे पहले शनिवार को वज़ीरिस्तान के मीरेली तहसील में सेना की चौकी पर कार बम से आत्मघाती हमला किया गया जिसमें दो सुरक्षाकर्मी मारे गए.